अंशुल त्यागी, समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद का मंच बन चुका ‘प्रेरणा विमर्श’ वर्ष 2020 से लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस वर्ष ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ की केंद्रीय भावना के साथ ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का आयोजन 19 और 20 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा परिसर में किया जाएगा।
आयोजन को लेकर रविवार को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में एक व्यापक त्रि-सत्रीय योजना बैठक आयोजित हुई। बैठक में 150 से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया और आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग स्तरों पर की जाने वाली तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

तीन सत्रों में बनी आयोजन की कार्ययोजना
बैठक के पहले सत्र में विभिन्न सत्रों के संयोजकों ने अपनी सहयोगी टीम, सह-संयोजकों, आयाम संयोजकों और टोली सदस्यों का परिचय कराया। साथ ही पंजीकरण और सहभागिता की स्थिति की समीक्षा की गई।
दूसरे सत्र में अलग-अलग टोलियों ने बैठकर जनसंपर्क, पंजीकरण, प्रचार-प्रसार, मीडिया, डिजिटल प्रचार, अतिथि समन्वय और आयोजन व्यवस्थाओं से जुड़े विषयों पर अपनी कार्ययोजना तैयार की।
तीसरे सत्र में ‘प्रेरणा विमर्श’ की वर्ष 2020 से अब तक की यात्रा को वीडियो के माध्यम से सामने रखा गया। इसके बाद प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू, ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के अध्यक्ष डॉ. अनिल त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
वक्ताओं ने आयोजन की सफलता के लिए समयबद्ध कार्ययोजना, आपसी समन्वय और समाज के अधिक से अधिक वर्गों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

19 सितंबर को नारी शक्ति राष्ट्र वंदन
‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के तहत 19 सितंबर को लगभग 1,000 मातृशक्ति की सहभागिता के साथ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
वहीं, 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो समानांतर विचार-सत्र होंगे। इनमें युवाओं और महिलाओं से जुड़े समकालीन मुद्दों पर चर्चा होगी।
‘युवा सोच, नया भारत’ सत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), तकनीक, डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास और विकसित भारत जैसे विषय चर्चा के केंद्र में रहेंगे।
इसके समानांतर ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषय पर होने वाले सत्र में नारी नेतृत्व, शिक्षा, शोध, विज्ञान, मीडिया, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

समापन समारोह में साझा होंगे प्रमुख निष्कर्ष
दोनों सत्रों के बाद 20 सितंबर को अपराह्न 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक सामूहिक समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दोनों विचार-सत्रों के प्रमुख निष्कर्ष भी साझा किए जाएंगे।
बैठक में संचालन टोली सहित विभिन्न सत्रों और आयामों से जुड़े 150 से अधिक टोली सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयुक्त मंच संचालन ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ के संयोजक श्यामा किशोर सहाय जी और सचिव मोनिका चौहान जी ने किया।

सकारात्मक संवाद से राष्ट्र निर्माण की दिशा
‘प्रेरणा विमर्श–2026’ का उद्देश्य केवल किसी एक विषय पर चर्चा तक सीमित नहीं है। इसका प्रयास समाज के अलग-अलग वर्गों को एक साझा मंच पर लाकर नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान और राष्ट्र उत्कर्ष जैसे विषयों पर सकारात्मक संवाद को आगे बढ़ाना है।
आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का मानना है कि ऐसे विमर्श समाज में नई सोच को जगह देने के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की भूमिका को लेकर सार्थक दिशा भी तैयार करते हैं। इसी उद्देश्य के साथ अब ‘प्रेरणा विमर्श–2026’ की तैयारियां तेज हो गई हैं।
