दिल्ली में महाराष्ट्र टूरिज्म का भव्य रोड शो, ट्रैवल ट्रेड के साथ नए सहयोग की दिशा में बड़ा कदम

अंशुल त्यागी, महाराष्ट्र सरकार के टूरिज्म डायरेक्टरेट ने राजधानी दिल्ली में एक भव्य रोड शो का आयोजन कर राज्य के पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में मजबूत पहल की। द्वारका स्थित रेडिसन ब्लू होटल के ग्रैंड बॉलरूम में आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली ट्रैवल ट्रेड, मीडिया प्रतिनिधियों और ट्रैवल इन्फ्लुएंसर्स की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

महाराष्ट्र से आए प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संतोष जाधव (जॉइंट डायरेक्टर, डायरेक्टरेट ऑफ टूरिज्म), चंद्रशेखर जायसवाल (जनरल मैनेजर, महाराष्ट्र टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन – एमटीडीसी) और विजय जाधव (डिप्टी डायरेक्टर, डीओटी) ने किया। इस अवसर पर होटल मालिकों, टूर ऑपरेटरों, हेरिटेज साइट मैनेजरों और एडवेंचर प्रोवाइडर्स सहित पर्यटन क्षेत्र के प्रमुख स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद राज्य के हेरिटेज, वाइल्डलाइफ, कोस्टल, स्पिरिचुअल और एक्सपीरिएंशियल टूरिज्म से जुड़े विविध अनुभवों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया। बीटूबी मीटिंग्स के जरिए महाराष्ट्र के स्टेकहोल्डर्स और दिल्ली ट्रैवल ट्रेड के बीच सार्थक संवाद स्थापित हुआ, जिससे भविष्य में मजबूत व्यावसायिक साझेदारियों की संभावनाएं बनीं।

संतोष जाधव ने कहा कि दिल्ली महाराष्ट्र के लिए एक प्रमुख सोर्स मार्केट है और यह रोड शो व्यापारिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र अपने किलों, तीर्थ स्थलों, वन्यजीव अभयारण्यों, समुद्री तटों और शहरी पर्यटन के माध्यम से पर्यटकों को विविध अनुभव प्रदान करता है।

चंद्रशेखर जायसवाल ने इस आयोजन को महाराष्ट्र के पर्यटन स्टेकहोल्डर्स और ट्रैवल ट्रेड के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बताया। वहीं विजय जाधव ने कहा कि घरेलू बाजार में निरंतर जुड़ाव और नए पर्यटन आयामों को प्रस्तुत करना महाराष्ट्र की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग डिनर के साथ हुआ, जिसने सहभागियों को आपसी सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।

Leave a Comment