अंशुल त्यागी, प्यार, शादी, रिश्तों में बढ़ती दूरियां और धोखे के बीच जब मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच जाए, तो कहानी सिर्फ रिश्तों की नहीं रह जाती। कुछ ऐसे ही सवालों को सस्पेंस और इमोशन के साथ पर्दे पर लेकर आ रही हिंदी फिल्म ‘लव लॉटरी’, जिसका ट्रेलर दिल्ली में आयोजित एक खास प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिलीज किया गया।
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म के कलाकार अक्षय ओबेरॉय, विजयंत कोहली और अग्नि अग्यारी, निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ मौजूद रहे। कार्यक्रम में कुछ ऐसे परिवारों को भी शामिल किया गया, जिन्होंने महिला-केंद्रित कानूनों के कथित दुरुपयोग से प्रभावित होने का अपना अनुभव साझा किया।
रिश्तों की चमक के पीछे छिपा है बड़ा राज
करीब 2 मिनट 10 सेकंड का ट्रेलर शुरुआत से ही दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े करता है। कहानी में प्यार की शुरुआत से लेकर शादी, रिश्तों में दरार, तलाक, धोखे और पैसों के लिए शादी जैसे पहलू दिखाई देते हैं।
ट्रेलर को देखकर ऐसा लगता है कि फिल्म सिर्फ एक प्रेम कहानी सुनाने के बजाय यह सवाल पूछने की कोशिश करती है कि रिश्तों में दिखाई देने वाला सच आखिर कितना सच है?
कहानी आगे बढ़ने के साथ भरोसा, भावनाएं और कानूनी विवाद एक-दूसरे से जुड़ते जाते हैं और यहीं से सस्पेंस भी गहराता नजर आता है।
तीखे संवाद और पुरुष अधिकारों का मुद्दा
फिल्म में अक्षय ओबेरॉय का किरदार रिश्तों, भरोसे और पुरुष अधिकारों से जुड़े सवालों के बीच उलझता दिखाई देता है। ट्रेलर में कुछ संवाद ऐसे हैं, जो निश्चित तौर पर चर्चा पैदा कर सकते हैं।
इनमें एक संवाद— “एक औरत सिर्फ़ दो लोगों की सगी हो सकती है, एक अपनी औलाद की और एक खुद की”—रिश्तों और व्यक्तिगत अधिकारों को लेकर फिल्म के तेवर की झलक देता है।
हालांकि ट्रेलर कहानी के कई हिस्सों को जानबूझकर रहस्य में रखता है। यही वजह है कि दर्शकों के सामने सवाल बना रहता है कि आखिर इस रिश्ते में सच किसका है और धोखा किसने दिया?

निर्देशक ने क्या कहा?
निर्देशक अरविंद पांडे के मुताबिक, ‘लव लॉटरी’ सिर्फ रिश्तों की कहानी नहीं है, बल्कि उन सवालों को सामने लाने की कोशिश है जिनसे आज कई लोग जूझ रहे हैं। फिल्म में सस्पेंस और इमोशन के साथ रिश्तों और कानूनी विवादों के अलग-अलग पहलुओं को कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ का कहना है कि फिल्म रिश्तों की जटिलता, कानूनी विवाद और भावनात्मक टकराव को सस्पेंस के साथ सामने रखती है। फिल्म दर्शकों के सामने यह सवाल छोड़ती है कि सही कौन है और गलत कौन—इसका जवाब कहानी आगे बढ़ने के साथ ही मिलेगा।
ये कलाकार आएंगे नजर
सिनेमा गंज फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला, विक्रम शर्मा, अग्नि अग्यारी, कुमार सौरभ, अश्वंत लोधी और अर्शदीप संधू महत्वपूर्ण किरदारों में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि कहानी और पटकथा अंकुर खत्री ने लिखी है। सिनेमैटोग्राफी नवीन वी. मिश्रा, संगीत वरुण मिश्रा और अरविंद पांडे तथा संपादन प्रकाश झा ने किया है।
18 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘लव लॉटरी’ 18 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ट्रेलर ने फिलहाल कहानी के कई राज अपने पास रखे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर फिल्म इन रिश्तों की उलझी हुई कहानी को किस मोड़ तक ले जाती है और आखिर ‘लव लॉटरी’ में किसकी किस्मत खुलती है।