पंजाबी फिल्म ‘वियाह करतारे दा’ की प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित, 27 फरवरी को दुनियाभर में होगी रिलीज

अंशुल त्यागी, बहुप्रतीक्षित पंजाबी फिल्म ‘वियाह करतारे दा’ को लेकर हाल ही में राजधानी दिल्ली के पीवीआर सिनेमा में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें फिल्म के मुख्य कलाकार गिप्पी ग्रेवाल और निमरत खैरा ने मीडिया से बातचीत करते हुए फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प पहलुओं को साझा किया। प्रेस मीट के दौरान दोनों सितारों ने फिल्म की कहानी, अपने किरदारों और पंजाबी सिनेमा के बदलते दौर पर खुलकर चर्चा की।

फिल्म के बारे में बताते हुए गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि यह एक पारिवारिक कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन समीर कंग ने किया है। कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है जो अपनी पसंद की लड़की से शादी करना चाहता है, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों और बेरोजगारी जैसी चुनौतियों के कारण रिश्ते में कई उतार-चढ़ाव आते हैं। इन घटनाओं के बीच हास्य और मनोरंजन का भरपूर तड़का दर्शकों को देखने को मिलेगा।

फोटो

फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाने को लेकर गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि दर्शक फिल्म देखने के बाद महसूस करेंगे कि उनकी भूमिका ने पंजाब पुलिस की गरिमा को सकारात्मक रूप से दर्शाया है। वहीं अभिनेत्री निमरत खैरा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शादी और रिश्तों से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा कि वह करतारे जैसे लड़के से शादी नहीं करेंगी। उन्होंने पंजाबी शादियों के मजेदार पहलुओं का जिक्र करते हुए कहा कि शादी में बजट से ज्यादा रिश्तेदारों को संभालना बड़ी चुनौती होती है।

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के विस्तार पर बात करते हुए गिप्पी ग्रेवाल ने कहा कि आज पंजाबी सिनेमा तेजी से आगे बढ़ रहा है और अब फिल्मों को देश-विदेश में बड़े स्तर पर रिलीज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पारिवारिक मनोरंजन के मामले में पंजाबी फिल्में दर्शकों की पहली पसंद बनती जा रही हैं और इंडस्ट्री के विस्तार के लिए बड़े बैनर्स के साथ भी काम किया जा रहा है।

फोटो

फिल्म में गिप्पी ग्रेवाल और निमरत खैरा के अलावा प्रिंस कंवलजीत सिंह, गुरप्रीत घुग्गी, दीप सहगल, बी.एन. शर्मा, हरदीप गिल, इनामुल हक और रूपिंदर रूपी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। धर्मा प्रोडक्शंस, हम्बल मोशन पिक्चर्स और पिटारा टॉकीज के बैनर तले बनी यह मनोरंजक पंजाबी फिल्म 27 फरवरी 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Comment