हरनंदी महानगर में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ की गूँज, हजारों ने लिया सामाजिक समरसता और राष्ट्र रक्षा का संकल्प

अंशुल त्यागी, गाजियाबाद/नोएडा एक्सटेंशन – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सकल हिंदू समाज’ के तत्वावधान में हरनंदी महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ की शृंखलाबद्ध शुरुआत की गई। इसी क्रम में गौर सिटी-2 (गैलेरिया मार्केट), वृन्दावन गार्डन (चिपियाना बुजुर्ग) और इंदिरापुरम सहित कई स्थानों पर भव्य सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

PHOTO

वृन्दावन गार्डन में आयोजित सम्मेलन में प्रांत प्रचारक श्रीमान अनिल जी ने समाज की एकता, संगठन की शक्ति और राष्ट्रहित में सक्रिय सहभागिता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। वहीं, गौर सिटी-2 में मुख्य वक्ता श्री आशीष जी (विभाग सह-प्रचार प्रमुख एवं अधिवक्ता, उच्चतम न्यायालय) ने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन प्रसंगों के माध्यम से संघ की 100 वर्षों की यात्रा को रेखांकित किया और ‘पंच परिवर्तन’—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी तथा नागरिक कर्तव्य—का संदेश हर घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।

सम्मेलनों की गरिमा पूज्य संत समाज की उपस्थिति से और बढ़ गई। वृन्दावन गार्डन में महामंडलेश्वर माता लाडली सरस्वती जी महाराज एवं बालयोगी वेदांत जी महाराज ने सनातन मूल्यों के संरक्षण पर प्रेरक उद्बोधन दिए। गौर सिटी-2 में स्वामी विशालानंद जी (दिव्य ज्योति जाग्रति मिशन) ने आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया, जबकि श्री कृष्ण चैतन्य जी ने सामाजिक समरसता को वर्तमान समय की महती आवश्यकता बताया।

आयोजन समिति के अनुसार, संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पूरे हरनंदी महानगर में 100 से अधिक विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाने की योजना है, जिनमें से अब तक 10 से अधिक भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। वृन्दावन गार्डन कार्यक्रम की अध्यक्षता विकास चौधरी ने की तथा संरक्षक भूपेंद्र जी के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रमों के दौरान भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उपस्थित जनसमूह ने हाथ उठाकर यह संकल्प लिया कि वे जाति-पाति के भेद भुलाकर हिंदू धर्म, संस्कृति और सशक्त समाज के निर्माण हेतु आजीवन कार्य करेंगे।

“यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हिंदू समाज की जागृति का शंखनाद है। हम हर घर तक पंच परिवर्तन का संदेश पहुँचाने के लिए संकल्पबद्ध हैं।”
— प्रवक्ता, विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक प्रसाद/भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Comment