अंशुल त्यागी, आगामी फिल्म ‘द इंडिया स्टोरी’ की टीम ने दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कीटनाशक आधारित खेती और उसके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस अवसर पर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री काजल अग्रवाल, अभिनेता श्रेयस तलपड़े और निर्देशक चेट्टन डीके मौजूद रहे। सभी ने फिल्म के उद्देश्य और समाज में जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर विस्तार से अपनी बात रखी।
निर्देशक चेट्टन डीके ने कहा कि ‘द इंडिया स्टोरी’ किसानों के खिलाफ नहीं, बल्कि खेती में हानिकारक रसायनों और कीटनाशकों के दुरुपयोग के खिलाफ एक सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म है। उन्होंने कहा कि ऐसे रसायन धीरे-धीरे हमारी खाद्य श्रृंखला में प्रवेश कर रहे हैं, जिसका असर आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। उनके अनुसार यदि यह फिल्म कुछ परिवारों को भी अपने खानपान और खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक कर पाती है, तो इसका उद्देश्य सफल माना जाएगा।

अभिनेता श्रेयस तलपड़े ने कहा कि यह विषय उन्हें व्यक्तिगत रूप से बेहद प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि एक अभिभावक होने के नाते उन्हें इस बात की चिंता रहती है कि रोज़ाना हमारी थाली तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थ कितने सुरक्षित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक इस फिल्म को केवल मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि एक सामाजिक चेतावनी और जागरूकता अभियान के रूप में भी देखेंगे।
वहीं अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने कहा कि मां बनने के बाद इस विषय को लेकर उनका नजरिया पूरी तरह बदल गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की तैयारी के दौरान उन्हें कई ऐसे तथ्य जानने को मिले जो बेहद चिंताजनक थे। उनके अनुसार यह फिल्म केवल खाद्य मिलावट या कीटनाशकों पर आधारित नहीं है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय उठाती है।

ज़ी स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत और MIG प्रोडक्शन एंड स्टूडियोज़ के सहयोग से बनी इस फिल्म का निर्देशन चेट्टन डीके ने किया है, जबकि सागर बी. शिंदे इसके लेखक और निर्माता हैं।
‘द India स्टोरी’ 24 जुलाई 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।