अंशुल त्यागी, पंजाबी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक फिल्म ‘इश्कनामा’ की टीम ने राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल द ललित में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान मीडिया को फिल्म की खास झलक दिखाई गई और कलाकारों ने फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प अनुभव साझा किए।
फिल्म 1981 से 1988 के बीच भारत-पाकिस्तान सीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित एक सच्ची प्रेम कहानी से प्रेरित है। इसकी कहानी भारतीय पंजाब के सिख कवि निम्मा और पाकिस्तानी पंजाब की मुस्लिम युवती नसीमा के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते हैं, लेकिन बंटवारे का दर्द और दोनों देशों की सीमाएं उनके प्यार को अधूरा छोड़ देती हैं।
फिल्म में जय रंधावा और शहनाज़ गिल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभिनेता सौरभ सचदेवा और अंजुम बत्रा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर जय रंधावा ने कहा कि ‘इश्कनामा’ केवल एक फिल्म नहीं बल्कि सच्चे प्यार की कहानी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाएगी। उन्होंने बताया कि फिल्म को पहले पंजाबी भाषा में रिलीज किया जाएगा और दर्शकों के सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने पर इसे अन्य भाषाओं में भी रिलीज करने की योजना है।

जय रंधावा ने कहा कि पंजाब से बेहतर जगह इस फिल्म की शुरुआत के लिए कोई नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने उन्हें पहचान और प्यार दिया है, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। साथ ही उन्होंने शहनाज़ गिल और अरविंद जैसे कलाकारों की मौजूदगी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया।
वहीं अभिनेत्री शहनाज़ गिल ने कहा कि ‘इश्कनामा’ सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि उन जज्बातों की कहानी है जिन्हें सरहदें भी रोक नहीं सकतीं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म की भावनात्मक कहानी, किरदारों की तैयारी और सच्ची घटना को पर्दे पर जीवंत करने की जिम्मेदारी पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने फिल्म को लेकर उत्साह जताया।
‘इश्कनामा’ 24 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।