अंशुल त्यागी, रहस्य, रोमांच और भारतीय लोककथाओं की अनोखी दुनिया में अब प्यार का रंग भी घुल गया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द वन’ का पहला गाना ‘समझो ना’ रिलीज हो गया है। गाना सामने आते ही सिद्धार्थ और तमन्ना की फ्रेश ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री चर्चा में आ गई है। दोनों को पहली बार रोमांटिक जोड़ी के रूप में देखकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
फिल्म के टीजर ने जहां दर्शकों को ‘द वन’ की रहस्यमयी और अलौकिक दुनिया की झलक दिखाई थी, वहीं ‘समझो ना’ कहानी का एक बिल्कुल अलग और खूबसूरत पहलू सामने लाता है। गाने में सिद्धार्थ और तमन्ना के किरदारों के बीच पनपते रिश्ते और प्यार को रोमांटिक अंदाज में दिखाया गया है।
रहस्य और लोककथा के बीच प्यार की कहानी
‘द वन’ की कहानी भारतीय लोककथाओं और फैंटेसी की दुनिया से जुड़ी हुई है। फिल्म में रहस्य, रोमांच और हास्य के साथ एक फैमिली एंटरटेनमेंट का तड़का देखने को मिलेगा। ऐसे में ‘समझो ना’ फिल्म की गंभीर और रहस्यमयी दुनिया के बीच एक सॉफ्ट और रोमांटिक कनेक्शन बनाता है।
गाने की सबसे खास बात सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना की जोड़ी है। दोनों की पहली रोमांटिक स्क्रीन पेयरिंग को लेकर सोशल मीडिया पर भी उत्सुकता देखने को मिल रही है। उनकी केमिस्ट्री गाने को एक फ्रेश फील देती है।
तनिष्क बागची ने दिया संगीत, जुबिन और सुवर्णा की आवाज
‘समझो ना’ को तनिष्क बागची ने कंपोज और प्रोड्यूस किया है। गाने को जुबिन नौटियाल और सुवर्णा तिवारी ने अपनी आवाज दी है, जबकि इसके बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। कृष्णा किशोर ने अतिरिक्त लाइव प्रोडक्शन संभाला है और एरिक पिल्लई ने गाने को मिक्स एवं मास्टर किया है। माइकल एडविन पिल्लई असिस्टेंट मिक्स इंजीनियर के तौर पर जुड़े हैं।
जुबिन नौटियाल के मुताबिक, गाने में प्यार की मासूमियत और कोमल एहसास को खूबसूरती से पेश किया गया है। उनका मानना है कि सिद्धार्थ और तमन्ना की केमिस्ट्री इस गाने में एक खास ताजगी लेकर आती है।

बड़े फोकलोर यूनिवर्स में ले जाएगी ‘द वन’
‘द वन’ को टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर जैसे नामों का साथ मिला है। फिल्म भारतीय लोककथाओं को बड़े सिनेमाई कैनवास पर पेश करने की कोशिश करती है।
फिल्म से जुड़े फोकलोर यूनिवर्स को आगे बढ़ाते हुए ‘द लीजेंड ऑफ वन’ नाम की कॉमिक बुक भी सामने आ चुकी है, जिसने दर्शकों को इस काल्पनिक दुनिया की झलक दी है।
‘द वन’ को बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड के एक डिवीजन, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसे अरुणाभ कुमार ने लिखा है और दीपक मिश्रा ने निर्देशित किया है। मनु आनंद फिल्म के डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
रहस्य, फैंटेसी, रोमांच, प्यार और संगीत से सजी ‘द वन’ 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के टीजर के बाद अब ‘समझो ना’ ने इसकी कहानी का रोमांटिक पहलू भी दर्शकों के सामने रख दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर ‘द वन’ की यह लोककथाओं से भरी दुनिया दर्शकों को कितना पसंद आती है।
गाना यहां देखें:
https://youtu.be/1IKsJiMLGu0?si=FS_eMN7RbD8ct7YB