अंशुल त्यागी, पंजाबी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी “कैरी ऑन जट्टा” का चौथा भाग जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाला है। फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में राजधानी दिल्ली में एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जहां फिल्म के प्रमुख कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता, बिन्नू ढिल्लों और पुखराज भल्ला ने मीडिया से बातचीत की और फिल्म से जुड़े कई रोचक अनुभव साझा किए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म की यात्रा, शूटिंग के अनुभव और इससे जुड़ी भावनात्मक यादों को दर्शकों के साथ साझा किया। गौरतलब है कि “कैरी ऑन जट्टा” पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक मानी जाती है, जिसने अपने पहले तीन भागों के जरिए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है।
फिल्म के निर्माता और अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने बताया कि जब उन्हें पहली बार “कैरी ऑन जट्टा” की स्क्रिप्ट मिली थी, तभी उन्हें इस कहानी की क्षमता का एहसास हो गया था। उन्होंने कहा कि उस समय सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर फिल्म को बनाया और प्रोड्यूस किया। दर्शकों के अपार प्यार ने इस फिल्म को एक सफल फ्रेंचाइजी में बदल दिया, जिसके बाद इसके लगातार नए भाग बनाए गए।

गिप्पी ने फिल्म के चौथे भाग से जुड़ा एक भावुक पहलू भी साझा किया। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान टीम को बड़ा झटका तब लगा, जब फिल्म के अहम कलाकार भल्ला साहब का निधन हो गया। टीम को लगा कि उनके बिना फिल्म को आगे बढ़ाना बेहद मुश्किल होगा, क्योंकि उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। हालांकि बाद में आधुनिक एआई तकनीक की मदद से उन्हें फिल्म में शामिल करने का विचार सामने आया। परिवार की सहमति मिलने के बाद इस तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिससे दर्शक एक बार फिर भल्ला साहब को पर्दे पर देख सकेंगे।
अभिनेत्री सरगुन मेहता ने कहा कि उन्होंने “कैरी ऑन जट्टा” जैसी फिल्मों को देखकर ही पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में आने का सपना देखा था। ऐसे में इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनना उनके लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है।
वहीं अभिनेता बिन्नू ढिल्लों ने भल्ला साहब को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी पूरी टीम को हमेशा महसूस होती है। उन्होंने कहा कि भल्ला साहब न केवल बेहतरीन कलाकार थे, बल्कि बेहद उदार और मिलनसार इंसान भी थे। बिन्नू ने भरोसा जताया कि फिल्म का चौथा भाग भी दर्शकों को भरपूर हंसाएगा और मनोरंजन का पूरा पैकेज साबित होगा।

इस फिल्म की एक और खास बात यह है कि पुखराज भल्ला इसके जरिए अपने अभिनय करियर की नई शुरुआत कर रहे हैं। दर्शकों के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने पिता की विरासत को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।
कॉमेडी, इमोशन और पारिवारिक मनोरंजन से भरपूर “कैरी ऑन जट्टा 4” देशभर के सिनेमाघरों में 26 जून को रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद की जा रही है कि यह फ्रेंचाइजी एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर सफलता के नए रिकॉर्ड कायम करेगी।