मथुरा में हेमा मालिनी ने देखी ‘Krishnavtaram Part 1 – The Heart’, फिल्म की भव्यता और श्रीकृष्ण भक्ति से हुईं प्रभावित
अंशुल त्यागी, भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं और आध्यात्मिक संदेशों को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली हिंदी फिल्म “Krishnavtaram Part 1 – The Heart” लगातार चर्चा में बनी हुई है। अब यह फिल्म केवल दर्शकों के बीच ही नहीं, बल्कि देश के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वर्गों में भी अपनी खास पहचान बना रही है।
इसी कड़ी में मथुरा की सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री हेमा मालिनी ने मथुरा में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म देखी और इसकी भव्य प्रस्तुति की खुलकर सराहना की। यह विशेष स्क्रीनिंग मथुरा के JV Cinema में आयोजित की गई थी, जहां फिल्म की टीम भी मौजूद रही।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में इस फिल्म का प्रदर्शन अपने आप में बेहद भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव बन गया। स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर का माहौल भक्तिमय नजर आया और दर्शकों में फिल्म को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
फिल्म के निर्माता साजन राज कुरूप और निर्देशक हार्दिक गज्जर ने श्रीकृष्ण की कथा को भव्य स्तर पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया है। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका में नजर आ रहे हैं, जबकि सुष्मिता भट्ट राधा, निवासिनी कृष्णन रुक्मिणी, संस्क्रुति जयाना सत्यभामा और जे कार्तिक सत्राजित के किरदार में दिखाई दे रहे हैं।

स्क्रीनिंग के बाद निर्माता साजन राज कुरूप ने बताया कि हेमा मालिनी फिल्म देखकर बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कलाकारों के अभिनय, निर्देशन और फिल्म के बड़े स्तर के निर्माण की विशेष रूप से तारीफ की।
हेमा मालिनी ने फिल्म की भव्यता, संगीत, भावनात्मक प्रस्तुति, हैंड-पेंटेड कॉस्ट्यूम्स और हस्तनिर्मित आभूषणों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि फिल्म के पीछे टीम की मेहनत साफ दिखाई देती है और यह दर्शकों को श्रीकृष्ण भक्ति से जोड़ने का सफल प्रयास करती है।
निर्माता के अनुसार, फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से गुजरात में की गई है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि माना जाता है। इसके अलावा फिल्म का ट्रेलर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में लॉन्च किया गया था। फिल्म की टीम ने बांके बिहारी मंदिर, रमन रेती, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन में दर्शन कर आशीर्वाद भी लिया था।
फिलहाल Krishnavtaram Movie भारत के 1500 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और 56 देशों में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी है। खास बात यह है कि फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित किया गया है, जिससे इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को और मजबूती मिली है।
श्रीकृष्ण भक्ति, भव्य सिनेमैटोग्राफी और भावनात्मक प्रस्तुति के कारण “Krishnavtaram Part 1 – The Heart” अब धार्मिक और पारिवारिक दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय होती नजर आ रही है।