अंशुल त्यागी, आगामी हिंदी फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का बहुप्रतीक्षित टीज़र रिलीज़ कर दिया गया है। टीज़र की पहली झलक ने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म एक ऐसी अनोखी कहानी लेकर आ रही है, जिसमें दिशा, किस्मत, विश्वास और जीवन के फैसलों का दिलचस्प मेल देखने को मिलेगा।
टीज़र में दिखाया गया है कि कैसे एक साधारण इंसान अपनी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए सही दिशा की तलाश में निकलता है। फिल्म का मूल संदेश यह है कि मान्यताएं और विश्वास हमें राह दिखा सकते हैं, लेकिन असली बदलाव हमारे आत्मविश्वास और सही निर्णयों से ही आता है।
फिल्म का निर्माण संदीप कपूर और प्रिया कपूर ने प्रमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। कहानी संदीप कपूर ने लिखी है, जबकि निर्देशन और पटकथा की जिम्मेदारी रविंदर सिवाच ने संभाली है।
टीज़र में वास्तु, दिशा और किस्मत जैसे विषयों को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज़ में पेश किया गया है। फिल्म की टैगलाइन “Search For Right Direction Begins…” दर्शकों को एक ऐसी यात्रा का संकेत देती है, जिसमें हास्य, पारिवारिक रिश्ते, भावनाएं और कई अप्रत्याशित मोड़ शामिल हैं।
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी दमदार स्टारकास्ट मानी जा रही है। इसमें अनु कपूर, रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा जैसे अनुभवी कलाकार नजर आएंगे। सभी कलाकार अपनी सशक्त अदाकारी के जरिए इस अनोखी कहानी को जीवंत बनाते दिखाई देंगे।
फिल्म के निर्माता संदीप कपूर ने कहा कि ‘उत्तर दा पुत्तर’ एक ऐसी कहानी है जिससे हर व्यक्ति खुद को जोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि जीवन में कई बार लोग अपने सवालों के जवाब बाहर ढूंढते हैं—कभी दिशाओं में, कभी संकेतों में और कभी किस्मत में। यह फिल्म उसी सोच को मनोरंजक और रोचक अंदाज़ में दर्शकों के सामने प्रस्तुत करती है।
गौरतलब है कि प्रमोडोम मोशन पिक्चर्स इससे पहले जुगाड़, अनारकली ऑफ आरा और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता भोन्सले जैसी कंटेंट आधारित फिल्मों का निर्माण कर चुका है। ऐसे में ‘उत्तर दा पुत्तर’ से भी दर्शकों और फिल्म समीक्षकों को काफी उम्मीदें हैं।
हास्य, मनोरंजन और जीवन के गहरे संदेश को साथ लेकर आ रही ‘उत्तर दा पुत्तर’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 24 जुलाई 2026 को रिलीज़ होगी।