बेटी की शादी के सोने की चोरी का खुलासा: ACP जियाउद्दीन अहमद को भाजपा नंदग्राम मंडल ने किया सम्मानित

डिंपल भारद्वाज, गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के राधाकुंज में भाजपा नंदग्राम मंडल के उपाध्यक्ष संदीप त्यागी के घर हुई सोने की चोरी के मामले का खुलासा होने के बाद भाजपा नंदग्राम मंडल की ओर से ACP जियाउद्दीन अहमद को सम्मानित किया गया। संदीप त्यागी एवं मंडल के पदाधिकारियों ने ACP को शॉल ओढ़ाकर और राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान गाजियाबाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया गया।

भाजपा नंदग्राम मंडल ACP को सम्मान देता हुआ

बेटी की शादी के लिए रखा सोना हुआ था चोरी

जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर को राधाकुंज निवासी संदीप त्यागी के घर श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। बताया गया कि यह सोना उनकी बेटी की शादी के लिए रखा गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन शुरुआती कार्रवाई के दौरान मामला अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाया।

ACP के हस्तक्षेप के बाद तेज हुई जांच

मामले को लेकर संदीप त्यागी ने ACP जियाउद्दीन अहमद से संपर्क किया। इसके बाद मामले में FIR दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई और जांच अधिकारी में बदलाव के बाद सब-इंस्पेक्टर उत्तम चौधरी ने टीम के साथ पड़ताल की। पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को हरियाणा के बहादुरगढ़ से पकड़कर नंदग्राम थाने लाया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर सिहानी चुंगी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पीछे मिट्टी में दबे चोरी के आभूषण बरामद किए।

आरोपी आकाश उर्फ योगिनी

भाजपा मंडल ने पुलिस के कार्य की सराहना की

मामले के खुलासे के बाद भाजपा नंदग्राम मंडल ने ACP जियाउद्दीन अहमद को सम्मानित करते हुए कहा कि पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप और जांच टीम की कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली है। मंडल की ओर से ACP सहित गाजियाबाद पुलिस की पूरी टीम को धन्यवाद दिया गया। पीड़ित संदीप त्यागी ने भी मामले में कार्रवाई और चोरी का सामान बरामद होने पर पुलिस का आभार जताया।

इस सम्मान के माध्यम से भाजपा नंदग्राम मंडल ने मामले के खुलासे में पुलिस की भूमिका की सराहना की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए की गई कार्रवाई के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Comment