डिंपल भारद्वाज, नई दिल्ली, अशोक विहार:
अशोक विहार ए ब्लॉक फेस-1 स्थित पार्क का आज स्व. पूर्व निगम पार्षद श्रीमती कनक अग्रवाल जी के नाम पर विधिवत नामकरण किया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष समारोह में दिल्ली की लोकप्रिय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने पहुंचकर इस पार्क का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन, क्षेत्रीय विधायक श्रीमती पूनम भारद्वाज, शिक्षा समिति के अध्यक्ष व क्षेत्रीय निगम पार्षद श्री योगेश वर्मा, तथा श्री नंद किशोर अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री योगेश वर्मा ने की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्व. कनक अग्रवाल के योगदान को याद किया
लोकार्पण के पश्चात अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा:
“स्व. श्रीमती कनक अग्रवाल जी का योगदान भारतीय जनता पार्टी और क्षेत्र के विकास में सदैव अविस्मरणीय रहेगा। यह पार्क पर्यावरण संरक्षण और सौंदर्यकरण के प्रति जनता की भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण है। मैं विशेष रूप से श्री नंदकिशोर अग्रवाल जी को धन्यवाद देती हूं जिन्होंने इस पार्क को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जब दिल्ली नगर निगम और नागरिक मिलकर कार्य करेंगे, तभी दिल्ली और अधिक हरी-भरी व सुंदर बनेगी।”

“कनक अग्रवाल प्रेरणास्रोत”: श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन
महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती वनाथी श्रीनिवासन ने कहा:
“स्व. कनक अग्रवाल जैसी कर्मठ और समाजसेवी महिलाओं से हमें प्रेरणा मिलती है। यदि हम सभी मिलकर दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प लें, तो यह शहर निश्चित ही हरियाली और सौंदर्य में अग्रणी बनेगा।”
RWA सहयोग से विकसित हुआ आधुनिक पार्क
अपने संबोधन में श्री योगेश वर्मा एडवोकेट ने बताया:
“यह पार्क रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से विकसित किया गया है। बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स, 10 फीट ऊंचे हाथी, हिरण, और रंग-बिरंगी पेंसिलों की विशाल आकृतियाँ स्थापित की गई हैं। इनका उद्देश्य बच्चों को मोबाइल और टीवी की दुनिया से बाहर निकालकर स्वच्छ, प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने के लिए प्रेरित करना है। खास बात यह है कि इस पार्क के विकास में निगम का कोई खर्च नहीं आया—सब कुछ स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से संभव हुआ है।”


स्थानीय निवासियों ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, RWA सदस्यों, महिला मोर्चा की पदाधिकारिणियों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया और स्व. श्रीमती कनक अग्रवाल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

