दिल्ली में ‘वन टू चा चा चा’ का धमाकेदार प्रेस कॉन्फ्रेंस, आशुतोष राणा बोले– यह फिल्म हंसी का उत्सव है

अंशुल त्यागी, राजधानी दिल्ली के फिल्म डिवीजन ऑडिटोरियम में आने वाली शुद्ध कॉमेडी फिल्म ‘वन टू चा चा चा’ का भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया गया। इस अवसर पर फिल्म की पूरी स्टार कास्ट और मेकर्स मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कलाकारों ने फिल्म से जुड़े कई दिलचस्प किस्से साझा किए और दर्शकों को एक जबरदस्त कॉमेडी अनुभव का भरोसा दिलाया।

फिल्म में दिग्गज अभिनेता आशुतोष राणा ‘चाचा’ की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि उनके तीन शरारती भतीजों की भूमिकाएं हर्ष मायर, अनंत वी जोशी और ललित प्रभाकर ने निभाई हैं। वहीं फिल्म की हीरोइन के रूप में नायरा बनर्जी दर्शकों का मनोरंजन करती दिखाई देंगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आशुतोष राणा ने कहा कि ‘वन टू चा चा चा’ पूरी तरह से एक शुद्ध कॉमेडी फिल्म है, जिसकी शूटिंग के दौरान सेट पर हमेशा हंसी-मजाक और खुशनुमा माहौल बना रहता था। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी एक चाचा और उसके तीन नटखट भतीजों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी हरकतें दर्शकों को लगातार गुदगुदाने वाली हैं।

फिल्म के अनोखे नाम को लेकर निर्देशक अभिषेक राज और रजनीश ठाकुर ने बताया कि शूटिंग के दौरान सेट पर ‘चाचा-चाचा’ इतना गूंजने लगा था कि एक्शन के समय मजाक में “वन टू चाचा” बोला जाने लगा। इसी मजाक से प्रेरित होकर फिल्म का नाम ‘वन टू चा चा चा’ रखा गया।

फिल्म की अभिनेत्री नायरा बनर्जी ने बताया कि वह इस प्रोजेक्ट से सबसे आखिर में जुड़ीं। उन्होंने मोबाइल पर ही ऑडिशन दिया और अगले ही दिन से शूटिंग शुरू कर दी। उनके अनुसार यह फिल्म उनके करियर के लिए बेहद खास है।

वहीं हर्ष मायर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शूटिंग के दौरान इतनी कॉमेडी होती थी कि कोई भी सेट से उठकर जाना नहीं चाहता था। अनंत वी जोशी ने आशुतोष राणा जैसे वरिष्ठ कलाकार के साथ काम करने को अपने लिए सीखने वाला अनुभव बताया। ललित प्रभाकर ने कहा कि शूटिंग के दौरान सभी कलाकारों के बीच इतनी अच्छी बॉन्डिंग बन गई थी कि अभिनय करना भी सहज हो गया।

पेलुसिडर प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी यह फिल्म मेकर्स के अनुसार “बड़े पर्दे पर पागलपन, हंसी और खुशी का उत्सव” है। नए साल की सबसे मनोरंजक फिल्मों में शामिल ‘वन टू चा चा चा’ दर्शकों को भरपूर हंसी का डोज देने के लिए तैयार है।

यह कॉमेडी फिल्म 16 जनवरी से देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

Leave a Comment